नन्दा देवी राजजात की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक। WWW.JANSWAR.COM

नन्दा देवी राजजात की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक, सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश।

गोपेश्वर, 3 जुलाई। आगामी श्री नन्दा देवी राजजात के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शुक्रवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा से जुड़े विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ नन्दा देवी राजजात समिति के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों और पड़ाव स्थलों पर सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, खाद्य सामग्री, पैदल मार्ग, पार्किंग, शौचालय, संचार, स्वच्छता एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने विशेष रूप से कर्णप्रयाग–नोटी–पैठाणी मार्ग, नन्दानगर–रामणी मार्ग, थराली–मुन्दोली–वाण मार्ग तथा ग्वालदम–नन्दकेसरी मार्ग सहित राजजात के सभी पैदल मार्गों के सुधारीकरण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से रीप (REAP) योजना के माध्यम से सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इससे स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों की आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।

बैठक में विवेक प्रकाश, डॉ. अभिषेक गुप्ता, अरविन्द गौड़, भुवन नौटियाल, हरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में यात्रा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे, जिन पर मुख्य विकास अधिकारी ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।