बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा प्रकरण की होगी उच्चस्तरीय जांच, 15 दिन में देगी रिपोर्ट WWW.JANSWAR.COM

बदरीनाथ मंदिर चढ़ावा प्रकरण की होगी उच्चस्तरीय जांच, 15 दिन में देगी रिपोर्ट

जनस्वर न्यूज | पौड़ी | 08 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच के लिए शासन ने तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल के निर्देशानुसार समिति 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।

गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में गठित समिति में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के प्रबंध निदेशक संदीप तिवारी तथा स्वास्थ्य महानिदेशालय के निदेशक (वित्त) जगत सिंह चौहान को सदस्य बनाया गया है। समिति को आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अधिकारियों, विशेषज्ञों एवं अन्य व्यक्तियों से परामर्श लेने और शासन को सुधारात्मक सुझाव देने के भी निर्देश दिए गए हैं।

मंडलायुक्त ने बताया कि समिति जल्द ही बदरीनाथ मंदिर का स्थलीय निरीक्षण करेगी। जांच के दौरान शिकायतकर्ता, संबंधित पक्षों एवं अन्य व्यक्तियों के बयान दर्ज किए जाएंगे। सभी तथ्यों का परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट शासन को सौंप दी जाएगी।