जनस्वर न्यूज | ऋषिकेश

एम्स ऋषिकेश में नवीन एकीकृत ओपीडी काउंटर का शुभारंभ, मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधा।

ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ और जनसुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। एम्स की निदेशक प्रोफेसर मीनू सिंह और क्षेत्रीय विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर नवीन एकीकृत ओपीडी काउंटर का लोकार्पण किया।

नई सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को ओपीडी पंजीकरण, बिलिंग, डिस्चार्ज और आईपीडी से जुड़ी सेवाएं एक ही काउंटर पर उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को अलग-अलग काउंटरों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और समय की भी बचत होगी। खासकर ऋषिकेश और उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के लिए यह सुविधा काफी लाभकारी मानी जा रही है।

इस मौके पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्रीय जनता को स्वास्थ्य सेवाओं में आने वाली कठिनाइयों को देखते हुए वे लंबे समय से इस सुविधा को शुरू कराने के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने बताया कि एम्स प्रशासन के साथ लगातार संवाद और पत्राचार के बाद यह सुविधा जनता को समर्पित की जा सकी है। उनके अनुसार यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।

कार्यक्रम में एम्स के जनसंपर्क अधिकारी संदीप सिंह, उप चिकित्सा निदेशक डॉ. विक्रम सिंह, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव चिकारा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और भाजपा संगठन से जुड़े अनेक पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

अंत में उपस्थित लोगों ने नई सुविधा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि इससे एम्स में आने वाले मरीजों को त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!