कॉलेज के विद्यार्थियों को भी मिलेगी चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश की सुविधा, वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर

देहरादून:-  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकनार्थ समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आगमन से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों के अवलोकन का नया अनुभव मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां प्रतिवर्ष लगभग 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं। चिड़ियाघर से सालाना सात करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में पहली बार सफेद बाघ लाया गया है। इससे पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीवों एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता तथा पारिस्थितिकी तंत्र को करीब से समझने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। इससे पहले बच्चों के लिए भी निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा तथा युवाओं में प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड भौगोलिक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है, जहां प्रतिवर्ष विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना भी बेहद जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देश के प्रमुख वन संपदा वाले राज्यों में शामिल है। प्रदेश की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता हमारी महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी आवश्यक है।

इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!