अगले 15 दिनों तक चलेगा फॉर्मर रजिस्ट्री का विशेष अभियान, शत-प्रतिशत पंजीकरण के निर्देश।
पौड़ी:- जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में बुधवार को जनगणना की तैयारियों एवं स्वगणना की प्रगति को लेकर संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनगणना के निर्धारित लक्ष्यों, अब तक की तैयारियों और स्वगणना के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए राजनीतिक दलों का सहयोग लेने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्वगणना की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से संचालित कराने तथा चार्ज अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को जमीनी स्तर पर नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चार्ज अधिकारी प्रतिदिन सुपरवाइजरों से फीडबैक लेकर स्वगणना की प्रगति की समीक्षा करें। साथ ही सभी हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और उनके व्यवस्थित संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में अधिकारियों के प्रशिक्षण एवं जनगणना संबंधी तैयारियों की भी जानकारी ली गई।
वहीं, बैठक में फॉर्मर रजिस्ट्री एवं एग्री स्टैक अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मुख्य सचिव के निर्देशों के क्रम में आगामी 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाकर किसानों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायती राज, कृषि, उद्यान, राजस्व, सहकारिता एवं ग्राम्य विकास विभाग को आपसी समन्वय से अभियान में तेजी लाने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन किसानों का पंजीकरण आसानी से किया जा सकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पहले पंजीकृत किया जाए। तकनीकी त्रुटियों के कारण आ रही समस्याओं का संबंधित स्तर पर तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोर्टल पर आईडी प्राप्त कर चुके सभी कार्मिक अपनी जिम्मेदारी के अनुरूप पंजीकरण कार्य अनिवार्य रूप से पूरा करें।
इसके अलावा सभी विभागों को अपने कार्मिकों की सूची तैयार कर प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करने और नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा रिपोर्टिंग में किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी नहीं देने की हिदायत भी दी।
अभियान को गति देने के लिए ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को फॉर्मर रजिस्ट्री में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा राजस्व उपनिरीक्षकों को पोर्टल के माध्यम से प्रविष्टियां कर अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, जिला प्रभारी जनगणना शिव कुमार, जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट, जिला आपदा पर्यटन अधिकारी दीपेश काला, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित सभी तहसीलदार, चार्ज अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
