पौड़ी: जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर को भावभीनी विदाई, अधिकारियों ने सराहा कार्यकाल।
पौड़ी। जनपद पौड़ी से स्थानांतरित होकर रुद्रप्रयाग में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहीं जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर को शुक्रवार को विकास भवन सभागार में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके सफल कार्यकाल, कुशल नेतृत्व एवं विकास कार्यों के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि मनविंदर कौर ने अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने उनकी कार्यनिष्ठा, सकारात्मक सोच और प्रशासनिक दक्षता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों का प्रभाव जनपद के विकास कार्यों में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से भी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि मनविंदर कौर ने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं को नई गति दी। उनका अनुशासित कार्य व्यवहार, सकारात्मक दृष्टिकोण और समन्वयात्मक कार्यशैली सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई तैनाती में भी वह अपनी कार्यकुशलता से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करेंगी।
विदाई समारोह में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पौड़ी में मिला सहयोग, स्नेह और आत्मीयता उनके लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि जनपद में विकास कार्यों की सफलता पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और भविष्य में भी यही टीम भावना जनहित के कार्यों को नई दिशा देगी।
समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके सरल व्यक्तित्व, कार्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता और सौहार्दपूर्ण व्यवहार की सराहना करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, खंड विकास अधिकारी दुगड्डा विद्यादत्त रतूड़ी, जयहरीखाल रवि सैनी, द्वारीखाल जयकृत बिष्ट, एकेश्वर सौरभ हांडा, कोट अमित बिजल्वाण, रिखणीखाल देवेश पंत, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
