जिलाधिकारी आशीष चौहान के साथ व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश।

ऋषिकेश:- ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गुरुवार को जिलाधिकारी आशीष चौहान के साथ आगामी 4 जुलाई को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सफल पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल, यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि सभी विभागों के समन्वय से तैयारियां तेजी से चल रही हैं और निर्धारित समय से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।

इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। साथ ही उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान भाजपा पदाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!