नर्सिंग में एविडेंस-बेस्ड प्रैक्टिस को मिलेगा बढ़ावा, एम्स ऋषिकेश में पांच दिवसीय कार्यशाला शुरू। WWW.JANSWAR.COM

रिसर्च मेथडोलॉजी से प्रकाशन तक मिलेगा प्रशिक्षण, क्लिनिकल नर्सों की शोध क्षमता होगी मजबूत।

ऋषिकेश, 6 जुलाई। क्लिनिकल नर्सों में अनुसंधान संबंधी ज्ञान और कौशल को सुदृढ़ करने तथा एविडेंस-बेस्ड नर्सिंग प्रैक्टिस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एम्स ऋषिकेश में सोमवार से पांच दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। “रिसर्च मेथडोलॉजी फ्रॉम प्रपोजल टू पब्लिकेशन” विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में विशेषज्ञों ने गुणवत्तापूर्ण रोगी देखभाल के लिए साक्ष्य-आधारित नर्सिंग प्रैक्टिस अपनाने पर विशेष जोर दिया।

कार्यशाला का उद्घाटन संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एविडेंस-बेस्ड प्रैक्टिस क्लिनिकल निर्णय लेने और रोगी देखभाल की गुणवत्ता में सुधार का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि साक्ष्य-आधारित अभ्यास यह सुनिश्चित करता है कि मरीजों को वैज्ञानिक तथ्यों और शोध पर आधारित उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने नर्सिंग अधिकारियों से दैनिक कार्यप्रणाली में अनुसंधान आधारित दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर डीन एकेडमिक प्रो. सौरभ वाष्र्णेय, डीन रिसर्च प्रो. शैलेंद्र कुमार हांडू तथा कॉलेज ऑफ नर्सिंग के फैकल्टी डॉ. जेवियर बेंसियाल ने भी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए नर्सिंग क्षेत्र में शोध की उपयोगिता और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में इसकी बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला।

मुख्य नर्सिंग अधिकारी डॉ. अनिता रानी कंसल ने बताया कि नर्सिंग सर्विसेज के कंटिन्यूइंग नर्सिंग एजुकेशन (सीएनई) सेल की ओर से आयोजित यह कार्यशाला अगले पांच दिनों तक चलेगी। उन्होंने बताया कि इसमें रिसर्च मेथडोलॉजी, शोध प्रस्ताव तैयार करने, वैज्ञानिक लेखन तथा शोध पत्रों के प्रकाशन सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा अकादमिक और इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य क्लिनिकल नर्सों की शोध क्षमताओं को विकसित करना और उन्हें नर्सिंग रिसर्च तथा एविडेंस-बेस्ड हेल्थकेयर प्रैक्टिस में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना है।

कार्यशाला में रिसोर्स फैकल्टी के रूप में डॉ. के. राजराजेश्वरी, वरिष्ठ लाइब्रेरियन एवं सूचना अधिकारी डॉ. संदीप कुमार सिंह तथा आयुष विभाग के मेडिकल ऑफिसर डॉ. श्रीलॉय मोहंती ने अपने व्याख्यान दिए। कार्यक्रम में डीएमएस डॉ. रवि कुमार, सीएनई सेल के सदस्य डीएनएस जीनो जैकब, सुश्री सुमन चौधरी, नर्सिंग ऑफिसर सुश्री राम्या टी. सहित बड़ी संख्या में डीएनएस, एएनएस, एसएनओ और नर्सिंग अधिकारियों ने सहभागिता की।