हरिपुर कला सीवर लाइन परियोजना की विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने की समीक्षा। WWW.JANSWAR.COM

हरिपुर कला सीवर परियोजना की प्रगति पर विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने ली समीक्षा बैठक।

ऋषिकेश/देहरादून:- ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में ऋषिकेश विधानसभा के हरिपुर कला क्षेत्र में संचालित सीवर लाइन परियोजना के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों, परियोजना से जुड़े इंजीनियरों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन परियोजना जनहित से जुड़ी एक महत्वपूर्ण योजना है, इसलिए कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दी गयी समय सीमा (सितंबर) तक परियोजना का कार्य हर हाल में पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और गली नंबर 5 में पुरानी लाइन को बदलने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व में 3 मई को भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देश (गली निर्माण जैसे कार्यों) को पूरा करने को कहा।

बैठक के दौरान परियोजना निदेशक (प्रोजेक्ट डायरेक्टर) मीनाक्षी मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि हरिपुर कला क्षेत्र में सीवर लाइन परियोजना के अंतर्गत सड़कों के निर्माण कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूर्ण किए जा चुके हैं और शेष कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा।

बैठक के दौरान डॉ. अग्रवाल ने हरिपुर कला के शांति मार्ग में खराब हुई सड़क का भी गंभीर संज्ञान लिया। उन्होंने इस संबंध में कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग (PWD) के सहायक अभियंता (AE) एवं कनिष्ठ अभियंता (JE) को तलब करते हुए गुणवत्ता को लेकर कड़े शब्दों में फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. अग्रवाल ने बैठक में उपस्थित क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं से भी जमीनी स्तर पर कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और उनके सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की शिकायत को अनदेखा नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर सीवरेज परियोजना निदेशक मीनाक्षी मित्तल, AE संदीप कुमार, pmc कंसलटेंट अखिलेश्वर प्रसाद, रत्नाकर मौर्य, kipl ठेकेदार रजत शर्मा, साइट इंजीनियर तनिष्क सेठी, राजेश चौहान (pwd-ae), राहुल सैनी,जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि धर्मेंद्र गुवाहाटी सुनील जुगलान पूर्व प्रधान सत्येंद्र धवन मनोज जाकमोला पंचायत सदस्य प्रीति बोखंडी पूर्व उप प्रधान मनोज शर्मा भाजपा मंडल महामंत्री सुंदरलाल गौड़ आदि मौजूद रहे

डॉ. अग्रवाल ने अंत में कहा कि राज्य सरकार एवं स्थानीय प्रशासन मिलकर ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं और विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।