निर्वाचक नामावली का प्रकाशन, 13 अगस्त तक दर्ज कराई जा सकेंगी दावे एवं आपत्तियाँ।
टिहरी:- जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने अवगत कराया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 14 जुलाई, 2026 को जनपद के सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान स्थलों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) कार्यालयों में कर दिया गया है।
जनपद में कुल 994 मतदान स्थल हैं। प्रारूप निर्वाचक नामावली के अनुसार कुल 4,63,628 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 2,41,352 पुरुष, 2,22,272 महिला तथा 4 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।
विधानसभावार मतदाताओं का विवरण के तहत 09-घनसाली (अ.जा.) 161 मतदान स्थल व कुल 85,081 मतदाता,
10-देवप्रयाग 158 मतदान स्थल, तथा 75,437 मतदाता,
11-नरेन्द्रनगर 175 मतदान स्थल, तथा 79,199 मतदाता,
12-प्रतापनगर 153 मतदान स्थल, तथा 74,237 मतदाता,
13-टिहरी: 156 मतदान स्थल, तथा 66,877 मतदाता एवं
14-धनोल्टी: 191 मतदान स्थल, तथा 82,797 मतदाता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक सभी मतदान स्थलों, ईआरओ एवं एईआरओ कार्यालयों में निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेगी। मतदाता मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड की वेबसाइट तथा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट एवं ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से भी अपने नाम का सत्यापन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों की आयु 01 जुलाई, 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, लेकिन उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, अथवा जिन मतदाताओं के नाम, पते या अन्य विवरण में संशोधन आवश्यक है, वे निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। नए नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6, नाम विलोपन/आपत्ति हेतु प्रपत्र-7 तथा विवरण संशोधन अथवा पता परिवर्तन के लिए प्रपत्र-8 का उपयोग किया जाएगा।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 14 जुलाई से 13 अगस्त, 2026 तक दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त की जाएंगी, जबकि उनका निस्तारण 14 जुलाई से 11 सितम्बर, 2026 तक किया जाएगा। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितम्बर, 2026 को किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऐसे नागरिक, जो वर्ष 2026 की आगामी अर्हता तिथियों 1 अक्टूबर, 2026 अथवा 1 जनवरी, 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करेंगे, वे भी अग्रिम रूप से प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उनके आवेदन का निस्तारण संबंधित अर्हता तिथि के अनुसार किया जाएगा।
वहीं अधिक जानकारी के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय के टोल फ्री नंबर 01376-1950 अथवा 01376-232164 पर संपर्क कर सकते है।
