64 लाख श्रद्धालुओं ने किए चारधाम के दर्शन, सफल यात्रा के बाद शीतकाल के लिए बंद हुए बाबा केदारनाथ के कपाट: हेमंत द्विवेदी.
केदारनाथ:- विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को शीतकाल के लिए पूरे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बंद कर दिए गए। इस पावन अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी धाम में उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान बाबा केदार के दर्शन कर देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
इस दौरान हेमंत द्विवेदी ने कहा कि भगवान बाबा केदार और बद्रीविशाल की असीम कृपा से इस वर्ष की चारधाम यात्रा सफलतापूर्वक एवं निर्बाध रूप से संपन्न हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराना रही।
64 लाख श्रद्धालुओं ने किए चारधाम के दर्शन:- उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में लगभग 64 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह उत्तराखंड की आध्यात्मिक आस्था और बेहतर यात्रा व्यवस्थाओं का प्रतीक है। सफल यात्रा के लिए उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, मंदिर समिति, केदार सभा, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा सेवाभावी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी ने पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
शीतकाल में भी जारी रहेगी बाबा की पूजा-अर्चना:- हेमंत द्विवेदी ने बाबा केदार से प्रार्थना की कि देश-दुनिया से आने वाले सभी श्रद्धालुओं पर उनकी कृपा एवं आशीर्वाद सदैव बना रहे। उन्होंने कहा कि शीतकाल में भी परंपरानुसार बाबा की पूजा-अर्चना जारी रहेगी और आगामी यात्रा वर्ष में श्रद्धालुओं को पुनः बाबा के दिव्य दर्शनों का सौभाग्य प्राप्त होगा।
