पौड़ी:- यमकेश्वर क्षेत्र के मोहनचट्टी स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित किया गया है। जिला योजना के तहत 71.61 लाख रुपये की लागत से यहां हाईटेक योग हॉल, पंचकर्म कक्ष और अन्य सुविधाएं तैयार की गई हैं। स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ नवनिर्मित सुविधाओं का निरीक्षण कर वेलनेस सेंटर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि इस केंद्र के विकसित होने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। आधुनिक सुविधाओं के साथ चिकित्सालय परिसर को पहाड़ी वास्तुशैली में नया स्वरूप दिया गया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने पूर्व में चिकित्सालय परिसर का निरीक्षण किया था। इस दौरान मोहनचट्टी की प्राकृतिक सुंदरता और अनुकूल भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यहां आयुर्वेद एवं वेलनेस पर्यटन की संभावनाओं को विकसित करने की योजना बनाई गई। इसके बाद चिकित्सालय को आधुनिक स्वरूप देने, योग एवं पंचकर्म सुविधाएं विकसित करने और परिसर को पहाड़ी शैली में संवारने के निर्देश दिए गए।इसी क्रम में ग्रामसभा जोगियाणा, मोहनचट्टी में जिला योजना के अंतर्गत 71.61 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य 5 फरवरी 2026 को शुरू किया गया था। ग्रामीण निर्माण विभाग, प्रखंड कोटद्वार ने स्वीकृत निर्माण कार्य पूरे कर लिए हैं। जिलाधिकारी के अनुसार, केंद्र में अभ्यंग, स्वेदन और शिरोधारा के साथ मर्म थेरेपी, अग्निकर्म एवं कपिंग थेरेपी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए विशेष उपचार कक्ष, ऑपरेशन थिएटर और पंचकर्म सहायक की व्यवस्था की गई है। इन सुविधाओं के माध्यम से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में पारंपरिक आयुर्वेदिक उपचारों का लाभ मिल सकेगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योग हॉल एवं पंचकर्म कक्षों में आवश्यक उपकरण, स्वच्छता, बैठने तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से करने पर जोर दिया। चिकित्सालय परिसर में हर्बल गार्डन भी विकसित किया जा रहा है। इसमें विभिन्न औषधीय पौधों का रोपण कर उनके औषधीय गुणों और पारंपरिक उपयोगों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। इससे पर्यटकों को स्थानीय औषधीय वनस्पतियों को करीब से जानने और आयुर्वेद की परंपरा को समझने का अवसर मिलेगा।
ऋषिकेश से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित मोहनचट्टी क्षेत्र में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यह वेलनेस सेंटर आसपास के गांवों के लोगों के साथ-साथ रिजॉर्ट, कैंप और होमस्टे संचालकों के लिए भी लाभकारी साबित हो सकता है। योग, ध्यान और आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से मोहनचट्टी को वेलनेस पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल की गई है।
