पूर्व विद्यार्थियों के अनुभवों और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को जोड़ने पर जोर, संस्थान और उद्योग जगत के बीच संबंध मजबूत करने पर हुई चर्चा।

नई दिल्ली:- भारतीय प्रबंध संस्थान काशीपुर (आईआईएम काशीपुर) ने नई दिल्ली के छतरपुर स्थित द दिवोली में ‘दिल्ली सिटी मीट ’26’ का आयोजन किया। संस्थान की एलुमनाई रिलेशंस कमेटी (ARC) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 90 पूर्व विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और संस्थान के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व विद्यार्थी समुदाय के साथ संस्थान के जुड़ाव को मजबूत करने, उद्योग जगत के अनुभव साझा करने और वर्तमान विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करने के अवसर बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में विभिन्न बैचों के पूर्व विद्यार्थियों ने अपने पेशेवर अनुभव साझा किए और विद्यार्थियों के करियर विकास में पूर्व विद्यार्थी नेटवर्क की भूमिका पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत पूर्व विद्यार्थी वर्तमान विद्यार्थियों को उद्योग जगत की अपेक्षाओं, करियर के विकल्पों और व्यावहारिक कार्य अनुभवों को समझने में महत्वपूर्ण सहयोग दे सकते हैं।

कार्यक्रम में आईआईएम काशीपुर के डीन (डेवलपमेंट) प्रो. कुनाल गांगुली और एलुमनाई रिलेशंस कमेटी के अध्यक्ष प्रो. उत्कर्ष उपस्थित रहे।

प्रो. कुनाल गांगुली ने कहा कि संस्थान के लिए सशक्त पूर्व विद्यार्थी नेटवर्क का विकास उसकी प्रगति, उद्योग जगत के साथ सहभागिता, विद्यार्थियों की सफलता तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि पूर्व विद्यार्थियों को केवल संस्थान के अतीत का हिस्सा नहीं, बल्कि उसके भविष्य को आकार देने वाले भागीदार के रूप में देखा जाना चाहिए।

वहीं, प्रो. उत्कर्ष ने कहा कि सिटी मीट संस्थान और उसके पूर्व विद्यार्थियों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। पूर्व विद्यार्थियों ने उद्योग जगत में व्यापक अनुभव अर्जित किया है, जिसे वर्तमान विद्यार्थियों के साथ साझा करने से उन्हें अपने करियर और पेशेवर जीवन को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिल सकती है।

संवादात्मक सत्र के दौरान पूर्व विद्यार्थियों ने अपने करियर, पेशेवर अनुभवों और संस्थान से जुड़ी यादों को साझा किया। कार्यक्रम में प्रॉपर्ट.शॉप के संस्थापक एवं पीजीपी 2011–2013 बैच के पूर्व विद्यार्थी जतिन कुमार, सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स में ग्रोथ लीड (DGM) एवं पीजीपी 2014–2016 बैच के पूर्व विद्यार्थी रविंदर यादव तथा आईआईएम काशीपुर के पूर्व विद्यार्थी हिमांशु अग्रवाल ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के माध्यम से पूर्व विद्यार्थियों के बीच आपसी संवाद को बढ़ावा देने और उनके अनुभवों को वर्तमान विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास से जोड़ने पर जोर दिया गया।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!