देहरादून:- बिजली उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार, अनुचित आचरण एवं धमकी देने संबंधी शिकायतों पर उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने सख्त रुख अपनाया है। विद्युत वितरण खंड (उत्तर), देहरादून में उपनल के माध्यम से कार्यरत मीटर रीडर राजेन्द्र सिंह रावत के खिलाफ प्राप्त शिकायतों की विभागीय जांच के बाद उन्हें विभागीय सेवाओं से कार्यमुक्त कर उपनल को वापस कर दिया गया है।

विभाग के अनुसार, संबंधित कर्मचारी के खिलाफ उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार एवं अनुचित आचरण की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग और वीडियो साक्ष्यों का परीक्षण कराया। इसके अलावा अधिशासी अभियंता द्वारा गठित जांच समितियों ने भी पूरे प्रकरण की जांच की। जांच रिपोर्ट में संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध लगाए गए अभद्र व्यवहार एवं अनुचित आचरण संबंधी आरोपों की पुष्टि हुई।

जांच आख्या के आधार पर विभाग ने नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए मामला उत्तराखण्ड पूर्व सैनिक कल्याण निगम (उपनल) को भेजा। इसके बाद संबंधित मीटर रीडर को विभागीय सेवाओं से कार्यमुक्त कर उपनल को वापस कर दिया गया।

उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार, अभद्रता, अनावश्यक दबाव अथवा अनुचित आचरण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी शिकायतें मिलने पर निष्पक्ष जांच कर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि किसी भी कर्मचारी द्वारा अभद्र व्यवहार, अनुचित दबाव अथवा अवैध धनराशि की मांग की जाती है, तो इसकी शिकायत तत्काल संबंधित अधिशासी अभियंता या उच्चाधिकारियों से करें, ताकि समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!