स्कूल-अस्पताल के निर्माण में देरी पर विधायक सख्त! प्रेमचंद अग्रवाल ने अधिकारियों को दिए तेजी और गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश।
ऋषिकेश:- ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में कार्यदायी संस्था ग्रामीण निर्माण विभाग (RWD) के अधिशासी अभियंता श्री नितिन पांडे के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभाग द्वारा कराए जा रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा की।
डॉ. अग्रवाल ने खदरी स्थित स्कूल,खैरी स्थित स्कूल तथा छिद्दरवाला में निर्माणाधीन अस्पताल के संबंध में विस्तार से जानकारी लेते हुए श्री पाण्डे को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा कर संबंधित विभाग को समर्पित किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों एवं विद्यार्थियों को इनका लाभ मिल सके।
विधायक ने क्षेत्र में लघु सिंचाई विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा और कृषि कार्यों को ध्यान में रखते हुए सिंचाई गूल के जीर्णोद्धार को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। इससे किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलने के साथ उनकी समस्याओं का भी समाधान होगा।
डॉ. अग्रवाल ने अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा होना उनकी प्राथमिकता है, जिससे ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
