बीन नदी में मैक्स वाहन पलटा, SDRF ने दो लोगों को सकुशल बचाया।
ऋषिकेश:- बीन नदी में एक मैक्स वाहन के पलटने से उसमें सवार दो लोग फंस गए। सूचना मिलते ही SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों व्यक्तियों का सकुशल रेस्क्यू कर लिया।
पुलिस चौकी पशुलोक बैराज से रात करीब 9:20 बजे सूचना मिली कि बीन नदी में एक मैक्स वाहन पलट गया है और उसमें कुछ लोग फंसे हुए हैं। सूचना पर पोस्ट ढालवाला से अपर उप निरीक्षक महावीर चौहान के नेतृत्व में SDRF रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद एक व्यक्ति को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, दूसरा व्यक्ति वाहन के अंदर फंसा हुआ था। बीन नदी का जलस्तर अत्यधिक बढ़ा होने के कारण वाहन पानी के तेज बहाव में कुछ दूरी तक बह गया, जिससे रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक कविंद्र सजवान के नेतृत्व में SDRF की दूसरी टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना की गई। दोनों टीमों ने आपसी समन्वय के साथ रेस्क्यू अभियान चलाते हुए वाहन में फंसे दूसरे व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दोनों rescued व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। SDRF की त्वरित कार्रवाई और साहसिक प्रयास से दोनों लोगों की जान बचाई जा सकी।
