ब्रेक फेल होने की आशंका, 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी मारुति सिलेरियो। WWW.JANSWAR.COM

मसूरी में दर्दनाक हादसा: ब्रेक फेल होने से कार 500 मीटर गहरी खाई में गिरी, एक महिला की मौत, रेस्क्यू जारी।

मसूरी:- 10 जून। मसूरी के झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज ढलान पर एक मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य वाहन सवारों के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

जानकारी के अनुसार, सुबह 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली मसूरी को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए SDRF, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की संयुक्त टीम द्वारा युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

रेस्क्यू टीमों ने अब तक खाई से एक महिला का शव बरामद किया है। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त मारुति सिलेरियो (DL5CS4610) कुछ समय पहले पास की एक दुकान पर रुकी थी। कार सवारों ने वहां से सामान खरीदा और बातचीत के दौरान स्वयं को उत्तरकाशी से आने वाला बताया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सामान लेने के बाद जैसे ही सभी लोग वाहन में बैठे, कार अचानक ढलान की ओर तेजी से बढ़ने लगी और चालक का नियंत्रण खोने के बाद सड़क किनारे खाली प्लॉट से होते हुए गहरी खाई में जा गिरी।

पुलिस के अनुसार कार में सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष) पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर गाजियाबाद तथा संगीता (46 वर्ष) पत्नी टीटू निवासी करोल बाग, दिल्ली सवार थे।

प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तीव्र ढलान पर ब्रेक जवाब देने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।

घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी मसूरी स्वयं मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं तथा रेस्क्यू टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। वहीं, दुर्घटना की सूचना वाहन सवारों के परिजनों को भी दे दी गई है।