44 प्रकार की स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध, 500 से अधिक श्रमिक परिवारों को पोषण, स्वच्छता एवं शिक्षा किट वितरित।

देहरादून:- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को रायपुर विधानसभा क्षेत्र के नालापानी स्थित महाराणा प्रताप सामुदायिक भवन में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जनपद प्रभारी मंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल तथा विधायक उमेश शर्मा काऊ ने प्रतिभाग किया। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ ही जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान पर जोर दिया गया।

स्वास्थ्य मंत्री ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, 44 प्रकार की जांच की सुविधा

शिविर के दौरान स्वास्थ्य मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। उन्होंने स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

स्वास्थ्य शिविर में 44 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही स्वास्थ्य संबंधी जांच कराने का अवसर मिला।

लाभार्थियों को वितरित किए कृषि यंत्र और विभिन्न किट

बहुउद्देशीय शिविर में कृषि विभाग की ओर से लाभार्थियों को कृषि यंत्र एवं मशरूम मिनीकिट वितरित की गईं। वहीं, बाल विकास विभाग के माध्यम से महालक्ष्मी किट और किशोरी किट प्रदान की गईं।

श्रम विभाग ने 500 से अधिक श्रमिक परिवारों को पोषण किट, स्वच्छता किट एवं शिक्षा किट उपलब्ध कराईं। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं और सुविधाओं को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए पात्र लाभार्थियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और सरकारी सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने पर जोर दिया।

प्रशासन ने लोगों से शिविरों का लाभ उठाने की अपील की

जिला प्रशासन ने आमजन से बहुउद्देशीय शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की। लोगों से कृषि, श्रम, बाल विकास, स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार लाभ उठाने का आग्रह किया गया।

शिविर का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को जनता के निकट उपलब्ध कराना, पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और लोगों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को सरल बनाना है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनप्रतिनिधिगण एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!