राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित कलाकार पूजा राजपूत को विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया सम्मानित।

ऋषिकेश:- ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाली ऋषिकेश निवासी प्रतिभाशाली कलाकार पूजा राजपूत को उनके आवास पर पहुंचकर सम्मानित किया। उन्होंने पूजा राजपूत को गुलदस्ता भेंट किया और मिष्ठान खिलाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि पूजा राजपूत ने अपनी कला साधना, प्रतिभा और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान स्थापित की है। ललित कला अकादमी की 65वीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में उनकी कलाकृति ‘प्रकृति शोषण’ को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाना ऋषिकेश सहित पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के हाथों यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त करना उनकी असाधारण प्रतिभा और कलात्मक साधना को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि पूजा राजपूत की पुरस्कृत कलाकृति ‘प्रकृति शोषण’ प्रकृति के प्रति मानवीय व्यवहार और पर्यावरण से जुड़े गंभीर मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। उनकी यह उपलब्धि कला के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को अभिव्यक्त करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का प्रेरणादायक उदाहरण है।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि पूजा राजपूत ने अपनी उपलब्धि से ऋषिकेश और उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। वह इससे पूर्व भी विभिन्न राष्ट्रीय मंचों पर सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं। पूजा राजपूत पूर्व में स्वर्गाश्रम-जोंक की ग्राम प्रधान भी रह चुकी हैं। उनकी यह सफलता क्षेत्र के युवाओं और उभरते कलाकारों के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, विधानसभा विस्तारक रितु मित्रा, भाजयुमो जिला मंत्री कौशल बिजलवान, मनोज राजपूत, शिवम राजपूत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!