बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अस्थायी कर्मचारियों का धरना समाप्त, दो सप्ताह में समस्याओं के निराकरण का आश्वासन।
ऋषिकेश/बदरीनाथ धाम/श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अस्थायी कर्मचारियों का वेतन संबंधी मांगों को लेकर पिछले दो सप्ताह से चल रहा धरना समाप्त हो गया है। श्री बदरीनाथ धाम में बीकेटीसी पदाधिकारियों एवं अधिकारियों के साथ सकारात्मक वार्ता के बाद कर्मचारियों ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।
अस्थायी कर्मचारी संयुक्त कर्मचारी संघ के बैनर तले श्री बदरीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम, ज्योतिर्मठ, ऋषिकेश सहित समिति के विभिन्न कार्यालयों एवं विश्राम गृहों में धरना दे रहे थे। कर्मचारियों की समस्याओं के समुचित निराकरण के लिए बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती एवं विजय कप्रवाण की अध्यक्षता में पहले ही एक उपसमिति गठित की गई है। कर्मचारियों को उनकी समस्याओं का दो सप्ताह के भीतर निराकरण करने का आश्वासन दिया गया है।
आश्वासन के बाद अस्थायी कर्मचारियों ने बीकेटीसी बोर्ड का आभार जताया। इस दौरान श्री बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, चारधाम यात्रा सलाहकार माधव सेमवाल, बीकेटीसी के वरिष्ठ सदस्य धीरज पंचभैया मोनू एवं राकेश भंडारी, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ तथा प्रभारी अधिकारी/प्रोटोकॉल अधिकारी राकेश सेमवाल मौजूद रहे।
वहीं, अस्थायी कर्मचारियों की ओर से वेदपाठी डॉ. अमित बंदोलिया, राजेंद्र पुरोहित, रत्नेश पंवार, मोहन राणा, इंदु देवी, योगिता चौहान सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
