प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026: नामांकन आमंत्रित, 31 जुलाई तक करें आवेदन। WWW.JANSWAR.COM

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 हेतु नामांकन आमंत्रित, 31 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन।

टिहरी:- महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग, उत्तराखण्ड ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (PMRBP)-2026 के लिए पात्र बच्चों के नामांकन आमंत्रित किए हैं। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान भारत सरकार द्वारा 18 वर्ष से कम आयु के उन बच्चों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण प्रतिभा, उत्कृष्ट उपलब्धि एवं प्रेरणादायी योगदान दिया हो।

यह पुरस्कार छह श्रेणियों—बहादुरी, सामाजिक सेवा, पर्यावरण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी—में प्रदान किया जाता है।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के अनुसार, पुरस्कार हेतु नामांकन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in पर केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया 1 अप्रैल, 2026 से प्रारंभ हो चुकी है तथा 31 जुलाई, 2026 तक आवेदन किए जा सकते हैं।

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने सभी संबंधित विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन अवश्य कराएं, जिन्होंने अपनी असाधारण उपलब्धियों से समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाया हो।

विभाग ने विशेष रूप से बालिकाओं, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, कमजोर वर्गों तथा दिव्यांग बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने और उनके नामांकन को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है, ताकि कोई भी योग्य एवं मेधावी बच्चा इस सम्मान से वंचित न रहे।

इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थान अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2026 से पूर्व राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in पर ऑनलाइन नामांकन कर सकते हैं।