जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 की रात वाहन संख्या UK13 TA 0706 में कुल 10 लोग सवार थे। सभी कंडारा में आयोजित बारात में शामिल होने के बाद अपने गांव रांसी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह पवार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशन में SDRF, DDRF और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और घटनास्थल तक सड़क मार्ग उपलब्ध नहीं होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। जवानों और स्थानीय लोगों ने करीब चार किलोमीटर पैदल दुर्गम रास्ता तय कर घायलों और मृतकों को मुख्य सड़क तक पहुंचाया।
करीब पांच से छह घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में सभी छह घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। वहीं, खाई से चारों मृतकों के शव बरामद कर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए।
घायलों के नाम:-
- उमेद सिंह राणा (52), निवासी रांसी।
- राजेंद्र सिंह (56), निवासी रांसी।
- लविश राणा (25), निवासी रांसी।
- वंशिका (8), निवासी कांथा।
- उर्मिला देवी (33), निवासी चिलोंड।
- पूजा (34), निवासी कांथा।
मृतकों के नाम:-
- कुंवर सिंह (60), निवासी रांसी।
- मदन सिंह (40)।
- सूरत सिंह (42), निवासी देड़ा, ऊखीमठ।
- बलवीर सिंह (70), निवासी रांसी।
इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। SDRF, DDRF और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से सभी घायलों को समय रहते खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
