जय बद्री विशाल के जयकारों से गूंजा धाम, पुष्प श्रृंगार में सजे भगवान बदरीविशाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर भावविभोर हुए श्रद्धालु।
रात 9:37 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ संपन्न हुई कपाट बंद होने की प्रक्रिया।
बद्रीनाथ:- आस्था, श्रद्धा और भक्ति के उल्लासपूर्ण वातावरण में सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर भू-बैकुंठ श्री बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के पावन अवसर पर मंदिर परिसर जय बदरी विशाल के जयकारों से गूंज उठा। वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बीच संपन्न हुई इस प्रक्रिया के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे। इसी के साथ वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा का भी समापन हो गया।
कपाट बंद होने के अंतिम दिन भगवान बदरीविशाल का भव्य पुष्प श्रृंगार किया गया। फूलों से सजे भगवान के दिव्य एवं मनमोहक स्वरूप के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने अखंड ज्योति के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दिनभर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
कपाट बंद करने की परंपरागत प्रक्रिया के तहत माता लक्ष्मी को विधि-विधान से गर्भगृह में विराजमान कराया गया, जबकि भगवान उद्धव एवं कुबेर जी को गर्भगृह से बाहर लाया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार रात 9:37 बजे मंदिर के मुख्य कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
23.50 लाख श्रद्धालुओं ने किए भगवान बदरीविशाल के दर्शन:- वर्ष 2026 की यात्रा अवधि के दौरान करीब 23 लाख 50 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। छह माह तक चली चारधाम यात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचे और भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होगी भगवान की उत्सव डोली:- मंगलवार को भगवान बदरीविशाल की उत्सव डोली, भगवान उद्धव एवं कुबेर जी की डोलियों तथा आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी को पारंपरिक धार्मिक यात्रा के साथ शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना किया जाएगा। शीतकाल में पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बदरी मंदिर और ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में पूजा-अर्चना संपन्न होगी।
हिमालय की गोद में स्थित श्री बदरीनाथ धाम के कपाट अब शीतकाल के लिए बंद हो गए हैं। इसके साथ ही धाम में छह माह तक चली आस्था और भक्ति की यात्रा का विराम हो गया। अब अगले यात्रा सीजन में भगवान बदरीविशाल के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को कपाट खुलने का इंतजार रहेगा।
