चमोली के 25 स्नो बाउंड विलेज में स्व-गणना शुरू, 31 अगस्त तक घर बैठे भरें जनगणना की जानकारी
चमोली:- जनगणना-2027 के तहत जनपद चमोली के हिमाच्छादित एवं दुर्गम राजस्व ग्रामों में दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन गांवों में निवासरत नागरिक 17 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक घर बैठे ऑनलाइन स्व-गणना (Self Enumeration) कर सकते हैं। इसके बाद 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक प्रगणक एवं सुपरवाइजर इन गांवों में घर-घर जाकर मैपिंग एवं जनगणना संबंधी कार्य पूरा करेंगे। इसके बाद 1 अक्टूबर से 5 अक्टूबर 2026 तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा।
जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी गौरव कुमार ने जिला सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि चमोली जिले में कुल 25 स्नो बाउंड विलेज चिन्हित किए गए हैं। इनमें ज्योतिर्मठ तहसील के नीती, गमशाली, बम्पा, फरकिया गांव, गुरुगुटी, मेहरगांव, कैलाशपुर, मलारी, कोषा, जेलम, द्रोणागिरी, गरपाक, कागा लगा द्रोणागिरी, लमतोली, जुम्मा, रेवेल चाक कुरकुटी, तोलमा, माणा, भ्यूंडार, बामणी, बद्रीनाथ, खीरो तथा ओध हनुमान चट्टी शामिल हैं। वहीं चमोली तहसील के रुद्रनाथ और पांगर्वासा (कांचुला खर्क) भी स्नो बाउंड विलेज के रूप में सूचीबद्ध हैं।
उन्होंने बताया कि इन गांवों में शीतकाल के दौरान नवंबर से अप्रैल तक अधिकांश परिवार निचले क्षेत्रों की ओर प्रवास करते हैं। उपलब्ध सूची के अनुसार नीती में 29 परिवार, गमशाली में 108, बम्पा में 60, फरकिया गांव में 41, गुरुगुटी में 101, मेहरगांव में 43, कैलाशपुर में 35, मलारी में 400, कोषा में 71, जेलम में 81, द्रोणागिरी में 31, गरपाक में 11, कागा लगा द्रोणागिरी में 26, जुम्मा में 62, तोलमा में 74, माणा में 558, भ्यूंडार में 11, बामणी में 508, बद्रीनाथ में 342, खीरो में 30 तथा ओध हनुमान चट्टी में 55 परिवार दर्ज हैं। वहीं लमतोली, रेवेल चाक कुरकुटी- गैर-बसासत एवं रुद्रनाथ और पांगरवासा (कांचुला खर्क) गैर-आबाद श्रेणी में हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि हिमाच्छादित गांवों के नागरिक https://se-snowbound.census.
जिलाधिकारी ने सभी स्नो बाउंड विलेज के नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि के भीतर स्व-गणना अवश्य पूरी करें। उन्होंने कहा कि इन दुर्गम एवं हिमाच्छादित क्षेत्रों में शीतकाल के दौरान आवागमन एवं परिवारों की उपलब्धता चुनौतीपूर्ण रहती है। ऐसे में स्व-गणना की सुविधा नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी है और इससे जनगणना कार्य को समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से पूरा करने में सहायता मिलेगी।
विदित है कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण में स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से मकान सूचीकरण एवं मकानों की स्व-गणना की प्रक्रिया 10 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक संचालित की गई थी। इसके बाद 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक प्रगणकों द्वारा हाउस लिस्टिंग का कार्य किया गया। जनपद चमोली में इस चरण के लिए कुल 1,469 जनगणना ब्लॉक बनाए गए थे, जिनमें 814 प्रगणक, 145 सुपरवाइजर एवं 24 चार्ज अधिकारियों द्वारा शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण किया गया।
