स्वच्छ सर्वेक्षण में काशीपुर और रुद्रपुर की उपलब्धि पर मुख्यमंत्री धामी से मिला प्रतिनिधिमंडल, सीएम ने दी बधाई।

देहरादून:-  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में काशीपुर और रुद्रपुर के महापौर सहित संबंधित अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत काशीपुर और रुद्रपुर को मिली उपलब्धियों की जानकारी दी।

गौरतलब है कि नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के सम्मान समारोह में काशीपुर को उत्तराखण्ड में प्रथम तथा रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान शहरी स्वच्छता, बेहतर स्वच्छता प्रबंधन और नगर निकायों में किए गए उल्लेखनीय सुधारों के लिए प्रदान किया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने इस उपलब्धि पर दोनों नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि काशीपुर और रुद्रपुर को मिला यह सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता एवं निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन ने देशभर में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। राज्य सरकार भी स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर शहरों के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए।

उन्होंने नगर निकायों को प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन, कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण, आधुनिक स्वच्छता सुविधाओं के विकास और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश के अन्य नगर निकायों से भी काशीपुर और रुद्रपुर की उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की अपेक्षा जताई।

इस अवसर पर काशीपुर के महापौर दीपक बाली, रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, काशीपुर के नगर आयुक्त रवीन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर की नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के राज्य मिशन प्रबंधक मनोज पांडे तथा सचिव नितेश झा उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!