विकास कार्यों के लिए वीरभद्र मंडल के कार्यकर्ताओं ने विधायक डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल का जताया आभार।

ऋषिकेश:- ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वीरभद्र मंडल, ऋषिकेश के कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल आज विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल से उनके कैंप कार्यालय ऋषिकेश में भेंट करने पहुंचा। इस अवसर पर मंडल के कार्यकर्ताओं ने विधायक डॉ. अग्रवाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों — पेयजल लाइन, सीवरेज लाइन, सड़कों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्यों के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि विधायक डॉ. अग्रवाल के नेतृत्व में ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति निरंतर बनी हुई है। जलापूर्ति, सीवरेज, सड़क निर्माण, विद्युत एवं सफाई जैसे बुनियादी सुविधाओं से संबंधित कार्यों को जिस गंभीरता और प्राथमिकता से पूरा किया जा रहा है, वह जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस अवसर पर विधायक डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। आप सभी के सहयोग और सहभागिता से ही क्षेत्र में विकास की यह निरंतर यात्रा आगे बढ़ रही है। जनप्रतिनिधि के रूप में मेरा लक्ष्य हर व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना और ऋषिकेश को एक आदर्श विधानसभा के रूप में विकसित करना है।

विधायक ने यह भी कहा कि आगामी समय में भी क्षेत्र में पेयजल, सीवरेज, सड़क, बिजली और स्वच्छता से संबंधित अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे जनसमस्याओं के समाधान के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुँचाने का कार्य जारी रखें।

अंत में विधायक डॉ. अग्रवाल ने सभी उपस्थित जनों को धनतेरस, दीपावली एवं आगामी पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्री सुरेंद्र सिंह सुमन, श्रीमती पुनीता भंडारी, श्री गोविन्द रावत, श्री राजेश राइटर, श्रीमती मनोरमा देवी, श्री बरकत अली, श्री मोहम्मद रफ़ी, श्री प्रताप राणा, श्री मोहित बंसल, डॉ. वंदना स्वामी, श्रीमती ऊषा कोठारी, श्रीमती दीपा राणा, श्रीमती उर्मिला रावत (भट्टोंवाला) सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!