रायपुर पुलिस ने किया वारदात का खुलासा, पुरानी जान-पहचान का फायदा उठाकर चुराए थे सोने के आभूषण।

देहरादून:- कर्ज चुकाने के लिए एक महिला ने अपनी ही सहेली के घर चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। रायपुर थाना क्षेत्र के रांझावाला में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, रांझावाला निवासी मीना थापा पत्नी राहुल थापा ने दो नवंबर को थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि पूजा थापा ने उनके घर से सोने के आभूषण चोरी कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने नामजद आरोपी पूजा थापा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी की गई सोने की दो चेन और चार अंगूठियां बरामद कीं। बरामद आभूषणों की कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी गई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कर्ज के चलते बनाई चोरी की योजना:- पुलिस पूछताछ में पूजा थापा ने बताया कि उस पर कई लोगों का कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपनी पुरानी परिचित मीना थापा के घर चोरी करने की योजना बनाई। दोनों के बीच पुरानी जान-पहचान होने के कारण पूजा का मीना के घर आना-जाना था। इस दौरान उसे घर में रखे सामान की जानकारी हो गई थी। इसी का फायदा उठाकर उसने मौका पाकर सोने के आभूषण चोरी कर लिए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूजा थापा (44) पत्नी राम बहादुर थापा, निवासी पंचवटी कॉलोनी, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने की दो चेन और चार अंगूठियां बरामद की हैं।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!