तमंचे वाला वीडियो पड़ा भारी, दून पुलिस ने विशाल गोदियाल को दबोचा। WWW.JANSWAR.COM

सोशल मीडिया पर फेमस होने और दोस्तों पर रौब झाड़ने के लिए लहराया था 315 बोर का तमंचा, वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्रवाई।

देहरादून:- सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर रौब जमाने और वायरल होने का शौक 24 वर्षीय विशाल गोदियाल को भारी पड़ गया। तमंचे के साथ बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दून पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त को वायरल हुए वीडियो में विशाल गोदियाल कथित तौर पर तमंचा लहराते हुए दिखाई दे रहा था। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान विशाल गोदियाल पुत्र अशोक गोदियाल, निवासी पूरन बस्ती, इंदर रोड के रूप में की। डालनवाला पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर दोस्तों के बीच रौब जमाने और सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए तमंचे के साथ वीडियो बनाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बलबीर रोड स्थित एक पुराने खंडहर से 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली डालनवाला में धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।

दून पुलिस का साफ संदेश: सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दबंग बनने और वायरल होने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की नजर है। वायरल वीडियो के आधार पर भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।