14 से 16 अक्टूबर तक कई जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना, तापमान में गिरावट के आसार।

देहरादून;- उत्तराखंड में आगामी दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 14 से 16 अक्टूबर के बीच प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम में बदलाव से पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

मौसम निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार, 14 और 15 अक्टूबर को देहरादून, नैनीताल और हरिद्वार समेत मैदानी जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 15 अक्टूबर को गढ़वाल मंडल और 16 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल के विभिन्न जनपदों में बारिश की संभावना जताई गई है।

उन्होंने बताया कि 16 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में भी बारिश देखने को मिल सकती है। इससे प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ठंडा होने के साथ तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

डॉ. तोमर ने बताया कि 14 अक्टूबर को 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 15 और 16 अक्टूबर को 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं।

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ने की संभावना है। बारिश और बर्फबारी का असर ऊंचाई वाले इलाकों में अधिक देखने को मिल सकता है।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!