‘पाइरेट्स ऑफ द लॉस्ट आइलैंड’ थीम पर सजेगा महोत्सव, विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के विद्यार्थी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में ले रहे हिस्सा।
ऋषिकेश:- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘पाइरेक्सिया’ का शुभारंभ हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया। पांच दिवसीय इस आयोजन का उद्घाटन सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने संयुक्त रूप से किया। महोत्सव के पहले दिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
संस्थान के मुख्य सभागार में आयोजित उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पाइरेक्सिया में संस्कृति, खेल और चिकित्सा महोत्सव का अनूठा समन्वय देखने को मिलेगा। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी।
इस अवसर पर एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि पाइरेक्सिया विद्यार्थियों की रचनात्मकता को मंच प्रदान करने के साथ ही आपसी सहभागिता और उत्सव का भी प्रतीक है।
गणेश वंदना से हुई सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत
उद्घाटन समारोह के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद पाइरेक्सिया की इस वर्ष की थीम ‘पाइरेट्स ऑफ द लॉस्ट आइलैंड’ पर आधारित डांस-ड्रामा प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने शानदार बॉलीवुड प्रस्तुतियों के साथ उत्तर और दक्षिण भारतीय नृत्य परंपराओं की मनमोहक झलक भी पेश की। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
एम्स ऋषिकेश की सांस्कृतिक सोसाइटी ‘प्रवाह’ के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। आयोजन में एमबीबीएस, नर्सिंग और एलाइड हेल्थ साइंसेज के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।
कार्यक्रम के पहले दिन डीन एकेडमिक्स प्रो. सौरभ वार्ष्णेय, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. पुनीत धमीजा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. वंदना ढींगरा सहित संस्थान के विभिन्न संकाय सदस्य और एम्स ऋषिकेश स्टूडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
महोत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने, विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों से जुड़ने और शैक्षणिक गतिविधियों के साथ रचनात्मक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
