ऋषिकेश में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: फायरिंग कांड के दो आरोपी गोली लगने के बाद गिरफ्तार। WWW.JANSWAR.COM

ऋषिकेश में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: फायरिंग कांड के दो आरोपी गोली लगने के बाद गिरफ्तार।

ऋषिकेश। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देर रात ऋषिकेश क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, चेकिंग अभियान के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक मुंह पर कपड़ा बांधे हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बदमाश बैरियर को टक्कर मारकर श्यामपुर की ओर भाग निकले। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार दोनों बदमाश कुछ दिन पहले ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे थे। आरोपियों ने उस घटना में दो व्यक्तियों पर गोली चलाकर उन्हें घायल कर दिया था।

मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल तथा अस्पताल में पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।