मुख्यमंत्री को उपजिलाधिकारी के माध्यम से भेजा ज्ञापन, क्षेत्रवासियों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर जताया आक्रोश।
यमकेश्वर:- नेल–बुधौली मोटर मार्ग के शीघ्र डामरीकरण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के नाम उपजिलाधिकारी यमकेश्वर के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित कर सड़क के जल्द डामरीकरण की मांग उठाई गई।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों, महिलाओं और युवाओं ने भाग लेते हुए मार्ग की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि नेल–बुधौली मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य कविता डबराल, पूर्व जिला अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी कोटद्वार विनोद डबराल, राजीव जखमोला, प्रधान विक्रम सिंह पिलखेड़ी, पूर्व प्रधान जगपाल सिंह, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रमोहन सिंह, पूर्व प्रधान राजेंद्र नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य भगत सिंह नेगी, सुखवीर सिंह नेगी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि जनहित को देखते हुए नेल–बुधौली मोटर मार्ग का शीघ्र डामरीकरण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर आंदोलन के आयोजकों ने जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति, युवाओं और क्षेत्रवासियों का आंदोलन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। कांग्रेस पार्टी यमकेश्वर के ब्लॉक अध्यक्ष अनिल रतूड़ी ने कहा कि जनता की एकजुटता से क्षेत्र की समस्याओं के समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा।
