फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह पर STF का बड़ा एक्शन, भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद।

काशीपुर:- अवैध हथियारों और फर्जी शस्त्र लाइसेंस के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और काशीपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने काशीपुर के कटोराताल क्षेत्र से एक स्विफ्ट कार में भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए हैं।

मामले का खुलासा करते हुए एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने बताया कि पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि कटोराताल क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार में अवैध हथियारों का जखीरा मौजूद है। सूचना के आधार पर STF और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहन से एक पंप एक्शन बंदूक, एक सेमी ऑटोमेटिक राइफल, दो मैगजीन, एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, एक रिवाल्वर, 237 जिंदा कारतूस तथा फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए।

पुलिस ने इस मामले में सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल और दीप्ति अग्रवाल, निवासी काशीपुर, के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बाहरी राज्यों से फर्जी तरीके से शस्त्र लाइसेंस बनवाकर उन्हें उत्तराखंड में ट्रांसफर कर वैध दिखाने वाले गिरोह STF के रडार पर हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में इस नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।

उन्होंने जानकारी दी कि इस मामले से जुड़े अब तक तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि पांच आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। STF अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!