पौड़ी गढ़वाल में गुलदार का आतंक: घास लेने गई महिला को बनाया निवाला, क्षेत्र में दहशत।
पौड़ी गढ़वाल। जनपद के नैनी डांडा विकास खंड की पट्टी बिजलौट स्थित ग्राम सभा बणासी तल्ली में शनिवार सुबह गुलदार के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार (27 जून 2026) सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच गांव की दो महिलाएं, श्रीमती सुशीला देवी और शांति देवी, घास काटने के लिए गांव के ऊपरी हिस्से में गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक सुशीला देवी पर हमला कर दिया और उन्हें अपना शिकार बना लिया।
हमले के दौरान शांति देवी ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाने का प्रयास किया। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और सुशीला देवी की जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है, जिसके बाद विभागीय टीम आवश्यक कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंच रही है। वहीं, क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। क्षेत्र पंचायत प्रमुख प्रकीर्ण नेगी भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
