उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, कई आवासीय भवन जलकर राख; मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुःख।

देहरादून:- उत्तरकाशी जनपद की मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में भीषण अग्निकांड की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से कई आवासीय भवन जलकर नष्ट हो गए। घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।

मुख्यमंत्री ने घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य एवं अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा और आवश्यक राहत सामग्री की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अग्निकांड से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कर प्रभावितों को नियमानुसार आर्थिक सहायता एवं राहत राशि उपलब्ध कराने को कहा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचाना और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने ईश्वर से सभी के सकुशल होने तथा प्रभावित परिवारों को इस संकट से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!