कलियर में कॉस्मेटिक की आड़ में नशे का कारोबार, एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई। WWW.JANSWAR.COM

कलियर में कॉस्मेटिक की आड़ में चल रहा था नशे का कारोबार, एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई; जनरल स्टोर संचालक गिरफ्तार।

कलियर/हरिद्वार:- हरिद्वार के पिरान कलियर क्षेत्र में कॉस्मेटिक की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और ड्रग विभाग की संयुक्त कार्रवाई में अहतशाम कॉस्मेटिक जनरल स्टोर के संचालक अहतशाम उल हक को गिरफ्तार किया गया है।

छापेमारी के दौरान टीम ने आरोपी के कब्जे से करीब 3.9 किलोग्राम प्रतिबंधित कोडीन सिरप तथा भारी मात्रा में ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन प्रतिबंधित दवाओं की अवैध रूप से बिक्री कर रहा था और उन्हें बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहा था।

एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का संबंध पहले बरामद किए गए 18 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल के मामले से भी जुड़ा पाया गया है। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं, ताकि नशीली दवाओं की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। इसके बावजूद वह दोबारा अवैध कारोबार में सक्रिय था।

एसटीएफ और ड्रग विभाग की टीम ने कलियर क्षेत्र के कई अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी दबिश दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे ड्रग नेटवर्क की पहचान कर इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।