पदक विजेता खिलाड़ियों को तय समय में मिलेगी सरकारी नौकरी, नई खेल नीति जल्द: धामी। WWW.JANSWAR.COM

पदक विजेता खिलाड़ियों को तय समय में मिले सरकारी नौकरी, नई खेल नीति जल्द लाने के निर्देश: मुख्यमंत्री।

देहरादून, 2 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा में तय समय के भीतर समायोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अधिकतम खिलाड़ियों को खेल विभाग में ही नियुक्ति देने की कार्ययोजना तैयार की जाए।

गुरुवार को सचिवालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की राष्ट्रीय खेल नीति 2025 के अनुरूप उत्तराखंड की नई खेल नीति तैयार की जाए। उन्होंने उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय में आगामी माह से शैक्षणिक सत्र शुरू करने के निर्देश भी दिए। साथ ही प्रवेश प्रक्रिया तथा कोच, कर्मचारी और अधिकारियों की नियुक्ति में तेजी लाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने ‘एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम’ योजना के तहत निर्माण कार्यों में तेजी लाने और 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित खेल अवसंरचना के रखरखाव के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, गोलापार स्टेडियम, रुद्रपुर वेलोड्रोम, टिहरी झील, हरिद्वार और पिथौरागढ़ में विकसित सुविधाओं का खिलाड़ियों के हित में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को 2027 में प्रस्तावित 39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारी अभी से शुरू करने के निर्देश देते हुए विभिन्न खेल विधाओं में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने तथा खेल संघों के सहयोग से प्रतिभा पहचान और खिलाड़ी चयन प्रक्रिया को गति देने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य आगामी राष्ट्रीय खेलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड को ‘देवभूमि’ के साथ ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करना है।

उन्होंने ‘एक जिला-एक खेल’ (ODOS) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर देते हुए प्रत्येक जिले में चिन्हित खेलों के लिए कोचिंग, प्रतिभा विकास और प्रतियोगिताओं को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक जिला खेल छात्रावास को संबंधित खेल की नर्सरी के रूप में विकसित करने की बात कही।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अब तक 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में समायोजित किया जा चुका है। ‘एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम’ योजना के तहत 48 मिनी स्टेडियम बन चुके हैं, जबकि 10 स्टेडियमों का निर्माण कार्य जारी है। अन्य प्रस्तावित स्टेडियमों के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि महिला आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। इसके संचालन के लिए 16 पद सृजित किए जा चुके हैं और प्रवेश प्रक्रिया जारी है। वहीं उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय में पुस्तकालय, स्वास्थ्य केंद्र, अनुसंधान केंद्र, शूटिंग रेंज, बैडमिंटन हॉल, फुटबॉल एवं हॉकी मैदान, 8-लेन एथलेटिक्स ट्रैक सहित कुल 39 अवसंरचनात्मक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।