श्रावण कांवड़ यात्रा-2026: एसएसपी पौड़ी ने संभाली तैयारियों की कमान, नीलकंठ यात्रा मार्ग का किया व्यापक निरीक्षण।
यमकेश्वर/पौड़ी। आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पौड़ी सर्वेश पंवार ने शनिवार को लक्ष्मणझूला से श्री नीलकंठ महादेव मंदिर तक संपूर्ण यात्रा मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, आपदा प्रबंधन और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का गहन जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने गरुड़चट्टी, फूलचट्टी, रत्तापानी, पीपलकोटी, जिला परिषद बैरियर और टैक्सी यूनियन बैरियर सहित प्रमुख पड़ावों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने और सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एसएसपी सर्वेश पंवार ने श्री नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाया जाए। यात्रा मार्ग पर हर गतिविधि की सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग समन्वय और तत्परता के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, पैदल एवं वाहन मार्गों के पृथक्करण, आपातकालीन निकासी मार्ग, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाओं और राहत व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। एसएसपी ने नियंत्रण कक्षों को 24 घंटे सक्रिय रखने, फायर सर्विस एवं आपदा प्रबंधन इकाइयों को अलर्ट मोड में रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही स्थानीय नागरिकों के आवागमन और दैनिक गतिविधियों को प्रभावित न होने देने के लिए प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन योजना, वैकल्पिक मार्गों और सूचना प्रणाली को समय पर लागू किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर, अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनुप काला, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, क्षेत्राधिकारी सदर तपेश कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेन्द्र खाती, वरिष्ठ उपनिरीक्षक लक्ष्मणझूला प्रकाश पोखरियाल, चौकी प्रभारी नीलकंठ लक्ष्मण सिंह कुंवर सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
