जनपदभर में खाद्य दुकानों का औचक निरीक्षण, अनियमितता मिलने पर होगी नियमानुसार कार्रवाई।

पौड़ी:- जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद में चीनी के अवैध भंडारण, जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभाग की 11 टीमों ने जनपद के विभिन्न नगरों एवं ग्रामीण बाजारों में खाद्य दुकानों का औचक निरीक्षण कर चीनी के स्टॉक एवं उपलब्धता की जांच की।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर विभागीय टीमों द्वारा कोटद्वार, पौड़ी, श्रीनगर, पाबौ, लैंसडाउन, सतपुली, लक्ष्मणझूला, चौबट्टाखाल, रिखणीखाल, दुगड्डा और उफरैंखाल बाजारों में खाद्य दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानदारों को निर्धारित नियमों का पालन करने तथा चीनी का अनावश्यक रूप से भंडारण न करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी प्रकार की कालाबाजारी अथवा अवैध बिक्री में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को आवश्यक खाद्य सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा बाजारों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। आगे भी नियमित एवं औचक चेकिंग अभियान जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि चीनी का अवैध भंडारण, जमाखोरी अथवा कालाबाजारी करते पाए जाने पर संबंधित व्यापारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!