मंडी दुकानों के आवंटन में अनियमितता का आरोप, आढ़तियों ने विधायक प्रेमचंद अग्रवाल को सौंपा ज्ञापन।
ऋषिकेश:- कृषि मंडी समिति ऋषिकेश में दुकानों के आवंटन में कथित अनियमितताओं और पारदर्शिता के अभाव का मामला सामने आया है। इस संबंध में मंडी के आढ़तियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से उनके ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
कुलदीप शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे आढ़तियों ने विधायक को मंडी में दुकानों के कथित अवैध तरीके से किए गए आवंटन के संबंध में जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल का आरोप था कि दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव रहा है, जिसके चलते वास्तविक पात्र लोगों के साथ अन्याय होने की स्थिति बनी हुई है।
आढ़तियों ने मंडी समिति में पिछले करीब 13 वर्षों से कार्यरत एक कर्मचारी की कार्यप्रणाली को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि संबंधित कर्मचारी द्वारा अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की।
विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने आढ़तियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मंडी व्यवस्था में पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले में आवश्यक स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर विनोद जायसवाल, ऋषि जायसवाल, मयंक गुप्ता, राहुल जायसवाल, अखिलेश मौर्या, नवीन शर्मा, सुभाष गुप्ता, धर्मजीत अग्रवाल, प्रेम गुप्ता, सुरेंद्र गुप्ता, मनदीप गुप्ता, मनदीप सिंह, चंदू चौरसिया, संदीप खुराना, खैराती लाल, हर्षित सहित बड़ी संख्या में आढ़ती मौजूद रहे।
