देहरादून:- राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से नालसा के DAWN अभियान के अंतर्गत बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर मौलाना अबुल कलाम आजाद पब्लिक स्कूल, बड़ा भारूवाला, क्लेमेंट टाउन में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के अध्यक्ष एवं जिला जज श्री हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सीमा डुंगराकोटी ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य शहजाद अली ने उनका स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
शिविर में सचिव सीमा डुंगराकोटी ने छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बाल अधिकारों, बाल संरक्षण, पॉक्सो एक्ट (POCSO), सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान, साइबर सुरक्षा तथा शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए किसी भी परेशानी में इस पर संपर्क करने की अपील की।
इस दौरान प्राविधिक कार्यकर्ता हरीश रंसवाल ने बच्चों को जागरूकता शिविर में दी गई जानकारी को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशे के दुरुपयोग से होने वाले नुकसान बताए और नालसा के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान नशे के विरुद्ध चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए गए। सचिव ने विद्यालय के प्रधानाचार्य को मेडिकल किट भी भेंट की। वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से हेल्प डेस्क लगाकर बच्चों की समस्याएं सुनी गईं और उन्हें आवश्यक जानकारी दी गई।
शिविर के समापन पर नशे के विरुद्ध जागरूकता रैली निकाली गई। सचिव सीमा डुंगराकोटी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने आसपास के क्षेत्र में लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने इस जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार जताया। कार्यक्रम में प्राविधिक कार्यकर्ता हरीश रंसवाल, साजिदा एवं अंजना रंसवाल ने सहयोग किया। शिविर में कुल 275 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
