गौचर (चमोली):- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चमोली जनपद के गौचर में आयोजित 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। सात दिवसीय इस मेले में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, व्यापारिक परंपरा और समृद्ध लोक संस्कृति का प्रतीक है। वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में इसकी शुरुआत हुई थी। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का प्रमुख केंद्र था, जहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों और स्थानीय उत्पादों का व्यापार होता था। आज यह मेला औद्योगिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर देता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र में ही रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिलें। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प के माध्यम से स्थानीय लोगों की आय बढ़ाने के लिए पर्यटन नीति, होम स्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है। इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम सड़क परियोजना के माध्यम से बदरीनाथ धाम तक सड़क संपर्क बेहतर बनाया जा रहा है। वहीं ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इसके पूरा होने से क्षेत्र में कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित कर संबंधित पक्षों को सुनने के निर्देश देने की बात कही। साथ ही प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चयनित करने का आग्रह करते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। वहीं वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं के विस्तार के लिए दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया।
- अमृत 2.0 के तहत गौचर नगरीय पेयजल योजना, जिसकी स्वीकृत लागत 32.45 करोड़ रुपये है।
- गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य, जिसकी लागत 459.32 लाख रुपये है।
इन योजनाओं से गौचर और गैरसैंण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, रामचंद्र गौड़, माधव प्रसाद सेमवाल, प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार, व्यापारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
