नगर पालिका कार्यालय का औचक निरीक्षण, स्वच्छता व्यवस्था सुधारने और कर वसूली में तेजी लाने के निर्देश। WWW.JANSWAR.COM

जिलाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों का किया निरीक्षण, प्रक्रिया को सरल व सुगम बनाने के दिए निर्देश।

पौड़ी:- जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत संचालित निर्वाचन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न सुनवाई स्थलों का जायजा लेते हुए एआरओ, एईआरओ, बीएलओ एवं सुपरवाइजर से मतदाता पुनरीक्षण, दावों एवं आपत्तियों की सुनवाई, दस्तावेजों के डिजिटलीकरण की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि एसआईआर की प्रक्रिया सरल, सुगम एवं मतदाताओं के लिए सुविधाजनक रखी जाए। सुनवाई के दौरान प्राप्त दस्तावेजों का भली-भांति परीक्षण करने के बाद ही उन्हें ऑनलाइन अपलोड किया जाए। आवश्यकता होने पर संबंधित मतदाताओं से मूल दस्तावेज प्राप्त कर उनकी स्पष्ट फोटो लेकर रिकॉर्ड में अपडेट की जाए, ताकि अभिलेख त्रुटिरहित एवं व्यवस्थित रहें।

उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों का निस्तारण उसी दिन संभव है, उन्हें उसी दिन निस्तारित किया जाए। किसी कारणवश सुनवाई में उपस्थित न हो पाने वाले मतदाताओं को नियमानुसार एक और अवसर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बीएलओ एवं अन्य कार्मिकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जाए। प्रत्येक पात्र मतदाता को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण कार्य में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का भी सकारात्मक सहयोग प्राप्त हो रहा है।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने नगर पालिका कार्यालय का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में कार्मिकों से संवाद कर विभिन्न कार्यों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, स्वच्छता व्यवस्था, उपस्थित पंजिका, कर वसूली, ई-ऑफिस तथा पीएम आवास योजना की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित पंजिका का निरीक्षण करते हुए कार्मिकों की उपस्थिति की जानकारी ली और कार्यालयीन कार्यों में समयबद्धता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए सुबह ही फील्ड में जाकर कार्मिकों की उपस्थिति दर्ज करते हुए सफाई कार्यों की निगरानी की जाय।

कर अनुभाग का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने वित्तीय वर्ष 2024-25 तथा उससे पूर्व के लंबित वसूली की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन भवन स्वामियों द्वारा भवन कर जमा नहीं किया गया है, उनकी सूची तैयार कर नियमानुसार नोटिस जारी करते हुए कर वसूली सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निराश्रित श्वानों के लिए निर्माणाधीन डॉग पाउंड का कार्य भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम आवास योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका के कार्यों में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी उपयोग पर भी जोर देते हुए कहा कि कार्यालयीन कार्यों को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाने के लिए डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय कुमार, सभासद प्रदीप असवाल सहित विभिन्न बीएलओ एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।