वसंत विहार में बुजुर्ग महिला से चेन झपटने वाला बदमाश मुठभेड़ में घायल। WWW.JANSWAR.COM

वसंत विहार में बुजुर्ग महिला से चेन झपटने वाला बदमाश मुठभेड़ में घायल।

देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में चेन स्नैचिंग के आरोपी बदमाश और पुलिस के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार युवक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह टी-स्टेट की ओर भाग निकला।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाश ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27) पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। वह 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से हुई चेन स्नैचिंग के मामले में आरोपी है। इस संबंध में बसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज है।

मौके से पुलिस ने 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, बिना नंबर की नीली एक्टिवा स्कूटी और लूटी गई चेन बरामद की है। पुलिस के अनुसार स्कूटी कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी।

घटना की सूचना पर अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश से संबंधित जानकारी ली। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।