सोमेश्वर (अल्मोड़ा):- प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या रविवार को सोमेश्वर स्थित सोमनाथ ग्राउंड पहुंचीं, जहां वह विधानसभा स्तरीय विधायक चैंपियंस ट्रॉफी के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं टीमों को सम्मानित किया।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम ही नहीं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण कार्य करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे लाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और उनमें खेल के प्रति रुचि भी बढ़ती है।
मंत्री रेखा आर्या ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों, आयोजकों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का एक हिस्सा है। ऐसे में इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति को मजबूत करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से खेलों के साथ-साथ शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया।
यह आयोजन अंडर-14 बालक/बालिका और अंडर-19 बालक/बालिका वर्ग के मध्य आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न खेल शामिल हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता मोहन दौसाद, मंडल अध्यक्ष सुंदर राणा, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष दलीप रौतेला, जिला युवा कल्याण अधिकारी डी.एन. कांडपाल, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राजा यादव, खंड विकास अधिकारी केसर सिंह बिष्ट, ब्लॉक समाज कल्याण अधिकारी रविंद्र कोहली, पूर्व मंडल महामंत्री कैलाश बोरा, पूर्व कॉपरेटिव अध्यक्ष प्रकाश भंडारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि भूपाल मेहरा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शंकर बिष्ट, मंडल महामंत्री कृष्णा भंडारी, पूर्व प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष सुरेश बोरा, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कैलाश जोशी सहित विभागीय अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
