उत्तरकाशी:-उत्तरकाशी के केदारताल ट्रेक क्षेत्र में भारी हिमपात और विषम मौसमी परिस्थितियों के चलते लापता ट्रेकर्स एवं सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश के लिए SDRF और NIM की संयुक्त टीम का सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान अब तक 7 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक अन्य लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है।

शुक्रवार, 06 नवंबर को सैटेलाइट फोन के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर SDRF एवं NIM की संयुक्त टीम ने लापता व्यक्तियों के संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान हिमस्खलन की चपेट में आकर बर्फ में दबे तीन पुरुषों के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए।

रेस्क्यू टीम ने सभी शवों को सुरक्षित बेस कैंप पहुंचाया। इसके बाद हेलीकॉप्टर के माध्यम से शवों को मातली हेलीपैड, उत्तरकाशी लाया गया, जहां से उन्हें जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व चलाए गए सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के दौरान चार शव बरामद किए जा चुके थे, जिनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। शुक्रवार को तीन और पुरुषों के शव मिलने के बाद अब तक कुल सात शव बरामद हो चुके हैं। इनमें पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।

इस प्रकार केदारताल ट्रेक पर लापता कुल आठ व्यक्तियों में से सात के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक अन्य व्यक्ति अभी भी लापता है। उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

सेनानायक के निर्देशन में दुर्गम क्षेत्र में अभियान जारी

सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी के दिशा-निर्देशन में SDRF की टीमें अत्यंत दुर्गम एवं उच्च हिमालयी क्षेत्र में प्रतिकूल मौसम, भारी बर्फबारी और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच अभियान संचालित कर रही हैं। इस दौरान NIM एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सर्च एवं रेस्क्यू कार्य किया जा रहा है।

कठिन परिस्थितियों और लगातार हो रही बर्फबारी के बावजूद SDRF की टीमें शेष लापता व्यक्ति की तलाश में पूरी तत्परता से जुटी हुई हैं।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!