देहरादून:- राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से शुक्रवार को लोक भवन में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संगठन का राजकीय स्कार्फ पहनाया तथा फ्लैग स्टीकर लगाया। साथ ही संगठन की विभिन्न गतिविधियों एवं भावी योजनाओं की जानकारी भी दी।

उल्लेखनीय है कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा 7 नवंबर को अपना 75वां स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर राज्यपाल ने संगठन के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं स्वयंसेवकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल ने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स बच्चों में अनुशासन, सेवा, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक बच्चों को इस संगठन से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि उनमें सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित हो सके।

राज्यपाल ने विद्यालयों में बच्चों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार एवं बचाव कार्यों का प्रशिक्षण देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आपदाओं एवं अन्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवकों द्वारा किया जाने वाला सेवा एवं सहयोग कार्य सराहनीय है। ऐसे प्रशिक्षण बच्चों को विपरीत परिस्थितियों में दूसरों की सहायता करने के लिए सक्षम बनाते हैं।

इस अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तराखण्ड की स्टेट अपर मुख्य आयुक्त श्रीमती वन्दना गर्ब्याल एवं स्टेट सेक्रेटरी श्री रविन्द्र मोहन काला सहित सदस्य श्री जगदीश प्रसाद काला, श्रीमती अंजली चंदोला, श्री अरुण राय, श्री राहुल प्रसाद रतूड़ी, सुश्री ईशा ठाकुर एवं सुश्री योगना उपस्थित रहे।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!