11 से 19 अक्टूबर तक आयोजित होगा जनपद का प्रमुख मेला, भव्य आयोजन के लिए 11 समितियों का गठन।

नरेंद्रनगर/टिहरी:-  श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के 50वें आयोजन को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मेले के सफल आयोजन को लेकर नरेंद्रनगर तहसील सभागार में माननीय कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी टिहरी श्रीमती नितिका खंडेलवाल की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए 11 समितियों का गठन करते हुए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में स्वास्थ्य शिविर, खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैनर एवं प्रचार-प्रसार, एलईडी व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करने और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि इस वर्ष श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का 50वां आयोजन होने जा रहा है। उन्होंने मेले के प्रारंभिक स्वरूप और इसके आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले तत्कालीन जिलाधिकारी श्री सुरेंद्र सिंह पांगती के योगदान को याद करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि 50वें वर्ष के इस आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए सभी को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने मेले को एक महत्वपूर्ण एकीकरण कार्यक्रम बताते हुए इसे सफल एवं आकर्षक बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों और समितियों से पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी श्रीमती नितिका खंडेलवाल ने सभी विभागों एवं समितियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी समितियां समय से बैठक कर अपनी कार्ययोजना तैयार करें। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आवश्यकता सामने आने पर तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों को समय से अपनी टीमों को मोबिलाइज करने और पूरे मनोयोग से कार्य करते हुए मेले को सफल बनाने के निर्देश दिए।

अध्यक्ष नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर श्री राजेन्द्र विक्रम सिंह पंवार ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले ने वर्षों के दौरान निरंतर विस्तार किया है। उन्होंने बताया कि मेले का आयोजन प्रारंभिक दौर में लगभग चार हजार रुपये की व्यवस्था से शुरू हुआ था, जो आज बढ़कर एक करोड़ रुपये से अधिक तक पहुंच गया है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए मेले को सफल बनाने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला 11 से 19 अक्टूबर 2026 तक कुल नौ दिनों तक आयोजित किया जाएगा। 50वें आयोजन को यादगार बनाने के लिए मेले में विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद, पर्यटन एवं जनसरोकार से जुड़ी गतिविधियों को व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।

बैठक में ऋषिकेश नगर निगम के मेयर श्री शम्भू पासवान, नगर पंचायत तपोवन की अध्यक्ष श्रीमती विनीता बिष्ट, नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष श्री कुंवर सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती दीक्षा राणा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर श्री एलम सिंह रावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, विभिन्न समितियों के सदस्य एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!