सुमन पार्क के निकट प्रस्तावित STP का स्थान बदलने की मांग, आबादी, स्कूल और नदी की निकटता का दिया हवाला।

ढालवाला/नरेंद्रनगर:- ढालवाला के वार्ड संख्या 09 में सुमन पार्क के निकट प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) को लेकर क्षेत्रवासियों ने आपत्ति जताई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने कैबिनेट मंत्री एवं नरेंद्रनगर विधायक श्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और प्रस्तावित स्थल पर STP का निर्माण रोककर किसी अन्य उपयुक्त एवं सुरक्षित स्थान का चयन किए जाने की मांग की।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रस्तावित STP स्थल के आसपास घनी आबादी है। इसके अलावा लाल बहादुर शास्त्री बेसिक स्कूल भी करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने बच्चों और क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित स्थल पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।

ज्ञापन में प्रस्तावित स्थल के समीप बरसाती जल के प्राकृतिक प्रवाह का भी उल्लेख किया गया है। क्षेत्रवासियों के अनुसार बारिश के दौरान यहां तेज जलप्रवाह रहता है। पिछले वर्ष अत्यधिक बारिश के दौरान पुल के ऊपर से पानी के साथ मिट्टी और मलबे के तेज बहाव की स्थिति का हवाला देते हुए उन्होंने STP जैसी संरचना की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि प्रस्तावित स्थल चंद्रभागा नदी से करीब 50 मीटर की दूरी पर है। उन्होंने नदी और बरसाती जल के संभावित प्रभाव को देखते हुए स्थल की तकनीकी एवं आपदा-सुरक्षा संबंधी उपयुक्तता का परीक्षण कराने की मांग की। साथ ही STP की क्षमता, प्रस्तावित तकनीक, दुर्गंध नियंत्रण, स्लज प्रबंधन, जलभराव एवं अतिवृष्टि की स्थिति में सुरक्षा तथा पर्यावरणीय सुरक्षा उपायों के संबंध में भी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

ज्ञापन में कहा गया कि घनी आबादी, विद्यालय, बाजार क्षेत्र, बरसाती जलप्रवाह और नदी की निकटता को देखते हुए STP के लिए किसी अन्य उपयुक्त एवं सुरक्षित स्थान का चयन किया जाए।

चीनी गोदाम रोड का मामला भी उठाया

मुलाकात के दौरान वार्ड संख्या 11 स्थित चीनी गोदाम रोड के निर्माण से जुड़ी समस्या का मुद्दा भी कैबिनेट मंत्री के समक्ष रखा गया। प्रतिनिधियों ने बताया कि संबंधित फाइल शासन स्तर पर लंबित है और इस मामले में भी आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।

प्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और आवश्यक विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए दोनों मामलों में जनहितकारी समाधान किए जाने का आग्रह किया।

कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने दोनों मामलों का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर वार्ड संख्या 10 के सभासद विनोद सकलानी, श्रीमती शांति देवी नौटियाल, श्रीमती निधि पंवार एवं श्रीमती किरण पैन्यूली सहित अन्य क्षेत्रीय प्रतिनिधि एवं लोग उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!