वीरभद्र मार्ग से शुरू हुआ कार्य, कोयल घाटी में बनेगा विद्युत सब स्टेशन; विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने किया भूमि पूजन।
ऋषिकेश:- ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। वीरभद्र मार्ग पर विद्युत विभाग की Revamped Distribution Sector Scheme (RDSS) के तहत विद्युत लाइनों को भूमिगत करने की योजना का विधिवत शुभारंभ किया गया।
ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने विभागीय अधिकारियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में भूमि पूजन कर परियोजना की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने मौजूद लोगों को मिठाई खिलाकर योजना के शुभारंभ पर शुभकामनाएं भी दीं।
357 करोड़ रुपये की परियोजना, 262 किलोमीटर लाइनें होंगी भूमिगत
योजना के तहत ऋषिकेश के कोयल घाटी में विद्युत सब स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में कुल 262 किलोमीटर विद्युत लाइनों को भूमिगत किए जाने की योजना है। इसमें 33 केवी की करीब 48 किलोमीटर, 11 केवी की 103 किलोमीटर और एलटी लाइन की 111 किलोमीटर लाइन शामिल है।
परियोजना की कुल अनुमानित लागत करीब 357 करोड़ रुपये बताई गई है। उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग के रिकॉर्ड में भी ऋषिकेश के गंगा कॉरिडोर में RDSS के अंतर्गत HT/LT नेटवर्क के भूमिगतकरण से संबंधित परियोजना का उल्लेख दर्ज है।
शहर को तारों के जाल से मिलेगी राहत
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि विद्युत लाइनों के भूमिगत होने से ऋषिकेश शहर में लंबे समय से दिखाई देने वाले बिजली के तारों के जाल से राहत मिलेगी। इससे शहर की सुंदरता में भी सुधार होगा और विद्युत आपूर्ति को अधिक सुचारु एवं विश्वसनीय बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भूमिगत विद्युत व्यवस्था से विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका कम करने, विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने तथा बिजली के बुनियादी ढांचे को अधिक सुरक्षित बनाने में भी सहायता मिलेगी।
केंद्र और राज्य सरकार का जताया आभार
विधायक ने योजना की स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि RDSS योजना ऋषिकेश के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है और इसके माध्यम से शहर की विद्युत व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश को आधुनिक, सुंदर और सुरक्षित शहर बनाने की दिशा में विभिन्न विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं। विद्युत लाइनों का भूमिगत होना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना, उपखंड अधिकारी गुरदीप सिंह, अपर अभियंता श्याम सुंदर, ऋषिकेश मेयर शंभू पासवान, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, पार्षद हर्षवर्धन रावत, पार्षद वीरेंद्र रमोला, जगदंबा रतूड़ी, दिनेश पयाल, पूनम बहुगुणा, सुमन रावत, ममता रतूड़ी, गोविंद रावत, दीपक बिष्ट, पिंकी धस्माना, राहुल कश्यप, नितिन गुप्ता, पूजा गौड़, अखिलेश मित्तल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
